आजमगढ़
जल निगम के स्टोर से चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
दो डी-ज्वाइंट और छह सिलेंडर विद लाइनर बरामद, मुकदमे में बढ़ाई गई धारा
फरिहा में जल निगम के स्टोर से चोरी हुई थी सरकारी सामग्री, मुखबिर की सूचना पर पुलिस को मिली सफलता
आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने फरिहा स्थित उत्तर प्रदेश जल निगम के स्टोर से सरकारी सामग्री चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से चोरी के दो डी-ज्वाइंट और छह सिलेंडर विद लाइनर बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।
गंधुवई कोल्ड स्टोरेज के पास से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गंधुवई कोल्ड स्टोरेज के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू (19) पुत्र नसीम, निवासी फरिहा, थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। उसके कब्जे से जल निगम के स्टोर से चोरी की गई सरकारी सामग्री बरामद की गई।
26 जुलाई को स्टोर से हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता ने 28 जुलाई 2026 को निजामाबाद थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया था कि 26 जुलाई की शाम फरिहा स्थित जल निगम स्टोर से सिलेंडर असेंबली, सिलेंडर विद लाइनर, डी-ज्वाइंट समेत अन्य सरकारी सामग्री चोरी हो गई थी।
बरामदगी के बाद मुकदमे में बढ़ी धारा
तहरीर के आधार पर निजामाबाद थाने में मुकदमा संख्या 191/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की सामग्री बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ दी गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
