मिर्ज़ापुर
जागरूकता और आत्मविश्वास से सशक्त होंगी महिलाएं
लालगंज के राजकीय पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन
छात्राओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकार और साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
लालगंज (मिर्ज़ापुर)। छात्राओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को श्रीमती इंदिरा गांधी राजकीय पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ जागरूकता और आत्मविश्वास महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है।
अधिकारों के प्रति सजग रहें छात्राएं
मुख्य वक्ता एवं प्राचार्य डॉ. अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने छात्राओं से हर परिस्थिति में निर्भीक रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्कता जरूरी
विशिष्ट वक्ता डॉ. अनुपम मिश्रा ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। छात्राओं को इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय तकनीकी जानकारी के साथ सतर्कता भी बरतनी चाहिए।
डॉ. अंबेश्वरी पांडे ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा परिवार तथा समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है। प्रत्येक बालिका को शिक्षा और स्वावलंबन के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए।
उत्पीड़न और भेदभाव का करें विरोध
डॉ. शिवांगी पांडे ने छात्राओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या भेदभाव का साहसपूर्वक विरोध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन और संबंधित विभागों की सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। जागरूक महिला ही सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रामप्रकाश पाल ने किया। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से सामाजिक दायित्वों के साथ अपने अधिकारों के प्रति भी सजग रहने की अपील की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
