मिर्ज़ापुर
मानसून की बेरुखी से धान की रोपाई प्रभावित, पानी को तरसे खेत
पर्याप्त बारिश नहीं होने से पिछड़ रही रोपाई, किसानों ने नहरों में पानी छोड़ने की उठाई मांग
एसडीएम मड़िहान ने दिया जल्द नहर खुलवाने का भरोसा
राजगढ़ (मीरजापुर)। क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। मानसून की सुस्ती के कारण खेतों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे कई किसानों की धान की रोपाई अधूरी पड़ी है, जबकि कुछ इलाकों में पानी के अभाव में रोपाई का काम रुक गया है। किसानों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से नहरों में जल्द पानी छोड़ने की मांग की है।
खेतों में पानी नहीं, रोपाई अधूरी
क्षेत्र के किसान अनिल सिंह, रमेश सिंह, उदयभान सिंह, वेदप्रकाश, महेश और जय हिंद ने बताया कि समय पर पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण खेतों में धान की रोपाई के लिए जरूरी पानी नहीं है। जिन किसानों ने रोपाई शुरू कर दी थी, उनका काम भी पानी की कमी के चलते प्रभावित हो रहा है।
फसल पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका
किसानों का कहना है कि धान की खेती के लिए शुरुआती दौर में पर्याप्त पानी बेहद जरूरी होता है। यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई और सिंचाई की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो फसल की बढ़वार प्रभावित हो सकती है। इससे किसानों को उत्पादन में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
नहरों में तत्काल पानी छोड़ने की मांग
किसानों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से क्षेत्र की नहरों में जल्द पानी छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि नहरों में पानी आने से खेतों तक सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी और अधूरी पड़ी धान की रोपाई समय से पूरी की जा सकेगी।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी मड़िहान संतोष ओझा ने बताया कि किसानों की समस्या को देखते हुए जल्द नहर खुलवाकर पानी उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
