बलिया
नगर पालिका में फर्जी हाजिरी का आरोप
भाजपा नेता ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
सफाई कर्मचारियों की कागजी उपस्थिति दिखाकर राजस्व नुकसान का आरोप, जांच और कार्रवाई की मांग
बलिया। नगर पालिका परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नगर महामंत्री एवं नगर पालिका सदस्य रवी वर्मा ने जिलाधिकारी तथा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संत लाल उर्फ मिठाई लाल गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर सफाई कर्मचारियों की कथित फर्जी हाजिरी और राजस्व के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
ज्ञापन में रवी वर्मा ने कहा कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नगर की सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-6 में तैनात 13 सफाई कर्मचारियों में से केवल पांच कर्मचारी ही मौके पर कार्य करते मिले। इसी प्रकार वार्ड संख्या-7 में 18 कर्मचारियों के सापेक्ष मात्र आठ कर्मचारी उपस्थित पाए गए।
उनका आरोप है कि मौके पर कर्मचारियों की संख्या कम होने के बावजूद सरकारी अभिलेखों में दोनों वार्डों के सभी कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज थी। उन्होंने आशंका जताई कि नगर पालिका के अन्य वार्डों में भी इसी तरह की स्थिति हो सकती है और कागजों पर उपस्थिति दर्ज कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
भाजपा नेता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि नगर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
फिलहाल, इस संबंध में नगर पालिका परिषद या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
