मिर्ज़ापुर
मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज में पहली बार HBsAg पॉजिटिव मरीज का सफल टोटल नी रिप्लेसमेंट
मुख्यमंत्री राहत कोष की सहायता से हुई जटिल सर्जरी, अस्थि रोग विभाग ने दर्ज की नई उपलब्धि
संक्रमण नियंत्रण के सभी मानकों का पालन करते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया सफल ऑपरेशन
मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, मिर्जापुर के अस्थि रोग विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष की सहायता से HBsAg पॉजिटिव मरीज का पहली बार सफल टोटल नी रिप्लेसमेंट (TKR) किया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसे संस्थान के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय मिर्जापुर निवासी मरीज दोनों घुटनों के गंभीर ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित थे। उनका ऑपरेशन अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजकुमार के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक किया।
संक्रमण नियंत्रण के मानकों का रखा गया विशेष ध्यान
मरीज के HBsAg पॉजिटिव होने के कारण ऑपरेशन के दौरान संक्रमण नियंत्रण से जुड़े सभी निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया गया। चिकित्सकों की सावधानी और विशेषज्ञता के चलते सर्जरी सफल रही।
आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मिल रही आधुनिक सुविधा
अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजकुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को महंगे जोड़ों के प्रत्यारोपण जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वहीं मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि इस सफल ऑपरेशन ने साबित कर दिया है कि मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज में अब जटिल ऑर्थोपेडिक सर्जरी भी सुरक्षित और सफलतापूर्वक की जा रही हैं। उन्होंने इसे संस्थान की चिकित्सा सेवाओं के निरंतर विस्तार और विशेषज्ञता का प्रमाण बताया।
