Connect with us

भदोही

बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, उपकेंद्र पर प्रदर्शन से तीन घंटे ठप रही आपूर्ति

Published

on

Loading...
Loading...

त्रिभुवनपुर फीडर के उपभोक्ताओं ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की, अधिकारियों के आश्वासन के बाद बहाल हुई सप्लाई

ट्रिपिंग और कटौती से 30 से अधिक गांव प्रभावित, क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव भेजने की बात

गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े त्रिभुवनपुर फीडर में लंबे समय से चली आ रही बिजली आपूर्ति की समस्या से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने रविवार को विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान करीब ढाई से तीन घंटे तक उपकेंद्र के सभी छह फीडरों से विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

बिजली संकट को लेकर जताया आक्रोश

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले दो माह से त्रिभुवनपुर फीडर के लगभग 30 गांवों और कोइरौना फीडर के करीब 25 गांवों में लगातार ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। उनका कहना था कि इससे किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन

सूचना पर पुलिस के साथ एसडीओ धीरज मिश्रा और जेई दीपक पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड के कारण बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। उन्होंने लोड का विभाजन कर तत्काल राहत देने तथा ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया।

Advertisement

बाद में बहाल हुई बिजली आपूर्ति

प्रदर्शन के दौरान अन्य क्षेत्रों के उपभोक्ता भी बिजली चालू कराने उपकेंद्र पहुंच गए। उपकेंद्र की चाबी उपलब्ध न होने पर कुछ लोगों ने ताला तोड़ दिया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में जोधा, राहुल, राजेश, रोहित, संदीप तिवारी, चंद्र कुमार पांडेय, विपिन पांडेय, मंगल, लैला उपाध्याय, सुंदर उपाध्याय, रोहित चौरसिया, अनुराग शुक्ला, धीरज पांडेय, बिंदु दुबे, आदेश उपाध्याय, दिगंबर, हिमांशु उपाध्याय और अखिलेश बिंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page