भदोही
साइकिल यात्रा से दिया पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन का संदेश
भदोही साइकिलिंग क्लब की जागरूकता यात्रा सीतामढ़ी पहुंची, पौधरोपण कर लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प
प्रधानाचार्य एस. जयवीर शर्मा बोले- स्वस्थ शरीर और स्वच्छ वसुंधरा ही भारत को विश्व गुरु बनाएगी
भदोही। पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भदोही साइकिलिंग क्लब ने रविवार को विशाल जागरूकता साइकिल यात्रा निकाली। पर्यावरण योद्धा एवं साइकिल मैन भदोही अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में निकली यह यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़ा चौराहा से शुरू होकर पड़ाव, जंगीगंज और कोइरौना होते हुए दयावंती पुंज मॉडल स्कूल, सीतामढ़ी पहुंची।
फूलों की वर्षा से हुआ स्वागत, किया पौधरोपण
विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य एस. जयवीर शर्मा, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने साइकिल यात्रियों का फूलों की वर्षा और जयघोष के साथ स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में पंचवटी के प्रतीक स्वरूप पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य का संकल्प लिया गया।
स्वस्थ नागरिक और स्वच्छ पर्यावरण पर दिया जोर
प्रधानाचार्य एस. जयवीर शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ वसुंधरा एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि यदि भारत को विश्व गुरु बनाना है तो प्रत्येक नागरिक को स्वयं के स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देना होगा। उन्होंने भदोही साइकिलिंग क्लब की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में प्रेरणादायक पहल है।
जागरूकता के नारों से गूंजा मार्ग
प्रधानाचार्य ने साइकिल यात्रा को पुनः रवाना किया। इसके बाद यात्रा महखरा, बनकट और उपरवार होते हुए दयावंती पुंज डिग्री कॉलेज, सीतामढ़ी पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान “साइकिल चलाएं, ईंधन बचाएं”, “वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “करो योग, रहो निरोग”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।
सैकड़ों लोगों ने किया सहभाग
इस जागरूकता अभियान में डा. एस.एस. यादव, प्रवीण श्रीवास्तव, श्रवण कुमार बिंद, आशुतोष पांडेय, अंकू शर्मा, ललिता सिंह, योगेश मिश्रा, अर्पित तिवारी सहित सैकड़ों युवा, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
