Connect with us

भदोही

ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी का खुलासा, मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

औराई पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, दोनों के पैर में लगी गोली; तमंचे, हेरोइन और नकदी बरामद

4.80 लाख रुपये की चोरी के मामले में वांछित थे आरोपी, कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे

भदोही। औराई थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी ग्राहक सेवा केंद्र में 4.80 लाख रुपये की चोरी के मामले में वांछित थे। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनकी हालत सामान्य बताई है।

ग्राहक सेवा केंद्र में हुई थी 4.80 लाख की चोरी

पुलिस के मुताबिक, 11-12 जुलाई की मध्यरात्रि माधोसिंह-खमरिया रोड स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अंशु बरनवाल के प्रतिष्ठान की छत की जाली तोड़कर दो बदमाश 4.80 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना औराई में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी मुंह ढककर चोरी करते दिखाई दिए थे।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

Advertisement

तमंचे, हेरोइन और मोबाइल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान निवासी लिसाड़ीगेट, मेरठ और शाकिर उर्फ अंडा निवासी इंचौली, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, 4.84 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल फोन तथा चोरी की शेष 3,600 रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है।

पूछताछ में खर्च करने की बात कबूली

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। उन्होंने कथित रूप से चोरी की रकम में से कार किराये पर लेने, हेरोइन खरीदने, खाने-पीने तथा अन्य खर्चों में अधिकांश धन खर्च कर दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों किसी अन्य वारदात की फिराक में थे।

दोनों पर कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, इमरान के विरुद्ध पांच तथा शाकिर उर्फ अंडा के विरुद्ध 10 आपराधिक मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। मामले में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संभावित आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page