Connect with us

बलिया

हाईटेंशन तार की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Published

on

Loading...
Loading...

शाहपुर गांव में हादसे के बाद बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, कार्रवाई और मुआवजे की उठी मांग

बांसडीह रोड (बलिया)। थाना क्षेत्र के शाहपुर (सहपुरवा) गांव में गुरुवार सुबह हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बलिया-बांसडीह मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, 68 वर्षीय जनार्दन यादव और उनके 24 वर्षीय पुत्र राजेश यादव हादसे का शिकार हो गए। बताया गया कि राजेश खेत की ओर जा रहे थे, तभी वह टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गए। बेटे को बचाने के प्रयास में पिता जनार्दन यादव भी करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राजेश यादव ने हाल ही में यूपी पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह तथा बांसडीह एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए मामले में नियमानुसार कार्रवाई और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पुत्री सीमा यादव की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page