बलिया
बालू लदे बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर
बैरिया तिराहा के पास हादसा, चालक ट्रक लेकर भागा, पुलिस ने पीछा कर दबोचा
प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर, ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई की उठी मांग
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बैरिया तिराहा के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार होने लगा, लेकिन बैरिया पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान सतीश यादव (20) पुत्र शिवजी यादव, निवासी इब्राहिमाबाद ऊपरवार (थाना बैरिया) के रूप में हुई है। वह किसी काम से बैरिया गए थे और लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए। बताया गया कि ट्रक चालक ने एक अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।
सूचना मिलते ही बैरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद फरार हो रहे ट्रक चालक को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में ओवरलोड और तेज रफ्तार से चलने वाले बालू एवं मिट्टी लदे ट्रकों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे वाहनों पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो गंभीर हादसे लगातार होते रहेंगे।
