बलिया
सपाइयों का उग्र प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला
NEET मुद्दे पर छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, NH-31 पर एक घंटे जाम
बैरिया (बलिया)। NEET परीक्षा लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को बैरिया में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सपा कार्यकर्ताओं ने बैरिया बाजार में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। इसके बाद बैरिया तिनमुहानी पर पुतला दहन किया गया।
पुतला दहन के बाद कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए, जिससे NH-31 (बैरिया-बलिया मार्ग) और बैरिया-सुरेमनपुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। करीब एक घंटे तक दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर बैरिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और यातायात बहाल कराया।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से श्यामू ठाकुर, प्रशांत यादव, संदीप त्यागी, मुन्ना गोंड अंचल, विजय यादव, हरिओम यादव, सचिदानंद यादव, जितेंद्र यादव और वीरेंद्र यादव सहित दर्जनों सपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
