बलिया
जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा संकट मोचन धाम
भव्य भंडारे में उमड़े हजारों श्रद्धालु
हनुमान पूजन के बाद हुआ विशाल भंडारा, पूर्व मंत्री और विधायक ने भी की सहभागिता
गड़वार (बलिया)। क्षेत्र के चांदपुर चट्टी स्थित संकट मोचन मंदिर परिसर में मंगलवार को हनुमान पूजन के बाद आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मंदिर परिसर दिनभर “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से गूंजता रहा। देर रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य पंडित मार्कण्डेय मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हनुमान पूजन के साथ हुआ। इसके बाद शुरू हुए भव्य भंडारे में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी और फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव भी शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संकट मोचन हनुमान जी के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया।
मुख्य यजमान प्रधान प्रतिनिधि पप्पू पाण्डेय ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
भंडारे को सफल बनाने में भूटेली सिंह, सोनल सिंह, लाला राम, विजय गौड़, सोनू सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
