बलिया
चार माह से अधूरा नाला निर्माण, गड्ढों में तब्दील सड़क से वार्ड 17 और 23 के लोग बेहाल
अधूरे निर्माण और जलभराव से बढ़ी परेशानी, क्षेत्रवासियों ने जल्द कार्य पूरा कराने की उठाई मांग
विभाग ने निरीक्षण के बाद दिए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, जल्द पूरा कराने का आश्वासन
रसड़ा (बलिया)। आदर्श नगर पालिका रसड़ा के वार्ड संख्या 17 एवं 23 में विधायक निधि से कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य के चार माह बाद भी पूरा न होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। अधूरे निर्माण के कारण सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मेरुराय का पूरा से महावीर अखाड़ा तथा मेरुराय का पूरा से खरहवा ईनार तक बनने वाला नाला लंबे समय से अधूरा पड़ा है। सड़क खोदकर छोड़ दिए जाने से दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात में बढ़ी मुश्किलें, हादसे का खतरा
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी की ओर से न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और न ही कार्य में अपेक्षित तेजी दिखाई जा रही है।
बरसात के दौरान जलभराव और कीचड़ के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों का कहना है कि मरीजों के घर तक एंबुलेंस और अन्य वाहनों का पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
लापरवाही का लगाया आरोप
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मामूली निर्माण कार्य के लिए सड़क खोदकर महीनों तक अधूरा छोड़ देना आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।
कुछ नागरिकों का यह भी कहना है कि क्षेत्रीय विधायक उमाशंकर सिंह के अस्वस्थ रहने के कारण निर्माण कार्यों की निगरानी प्रभावित हुई है, जिसका लाभ उठाकर संबंधित कर्मचारी और ठेकेदार लापरवाही बरत रहे हैं।
जल्द पूरा होगा निर्माण कार्य : विभाग
इस संबंध में संबंधित विभाग के शक्ति सिंह ने बताया कि विभागीय टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही कार्य पूर्ण कराकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन और संबंधित विभाग से नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
