Connect with us

गोरखपुर

खस्ताहाल रास्ते से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Published

on

Loading...
Loading...

कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हुआ अम्बेडकर मूर्ति मार्ग, स्कूली बच्चों व राहगीरों को खतरा

बीडीओ को पत्र भेज ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। सहजनवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत पिपरा हेमां टोला सुरसी में बदहाल सड़क को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। जर्जर खड़ंजा मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कीचड़युक्त रास्ते पर खड़े होकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से शीघ्र सुधार की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि अम्बेडकर मूर्ति की ओर जाने वाला मुख्य खड़ंजा मार्ग पूरी तरह से उखड़ चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ जमा होने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

ग्रामीणों ने बीडीओ सहजनवां को भेजे पत्र में बताया कि इसी खराब मार्ग से होकर प्रतिदिन स्कूली वाहन और छोटे बच्चे गुजरते हैं। सड़क पर फिसलन और गड्ढों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार स्कूल वैन और बाइक सवार इस रास्ते पर गिर चुके हैं।

Advertisement

सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर पूर्व ग्राम प्रधान जयराम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आवाज उठाई। स्थानीय शिक्षण संस्थानों ने भी ग्रामीणों के अभियान का समर्थन किया। पैट्रियाट ग्लोबल एकेडमी और आइडियल एजुकेशनल एकेडमी के प्राचार्यों सहित दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।

जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में पूर्व ग्राम प्रधान जयराम, हरि प्रसाद, अमरेश, बैजनाथ, रामवृक्ष, रामकेवल, अभिषेक कुमार, रामहित, अजय कुमार, कमलेश, वीरेन्द्र, राजाबाबू, रामसेवक, शंकर, गंगा, जितेन्द्र कुमार, मनीराम, घिसई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page