मिर्ज़ापुर
19 सितंबर को होगी भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा
डीआईओएस ने स्कूलों को दिए भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश
शांतिकुंज हरिद्वार की परीक्षा में अधिकाधिक छात्रों को शामिल करने पर जोर, पिछले वर्ष यूपी के 7 लाख विद्यार्थियों ने लिया था हिस्सा
मीरजापुर। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राज कुमार दीक्षित ने जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त एवं संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 19 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार द्वारा वर्ष 1994 से भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश के लगभग 7 लाख छात्र-छात्राओं ने इस परीक्षा में भाग लिया था।
डीआईओएस ने बताया कि यह परीक्षा ‘शिक्षा से विद्या’ की अवधारणा पर आधारित है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, राष्ट्रीय चेतना, भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान और समग्र व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाता है।
उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि इच्छुक विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल कराने के लिए आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करें, ताकि अधिक से अधिक छात्र इस परीक्षा का लाभ उठा सकें।
इस संबंध में जारी पत्र की प्रतिलिपि शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) लखनऊ, संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं उप शिक्षा निदेशक विन्ध्याचल मंडल तथा गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार के प्रतिनिधियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
