आजमगढ़
अधिवक्ता पर जानलेवा हमले के विरोध में दो दिन से ठप न्यायिक कार्य
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का प्रदर्शन, हमलावरों पर सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग
जहानागंज में भूमि विवाद को लेकर अधिवक्ता व पिता पर हुआ था हमला, पांच आरोपी भेजे गए जेल
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में अधिवक्ता रामअशीष यादव और उनके पिता पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता बुधवार और गुरुवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय कार्रवाई की मांग की है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार पाठक ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण कलेक्ट्रेट और तहसील न्यायालयों में सन्नाटा पसरा रहा।
भूमि विवाद को लेकर हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार जहानागंज थाना क्षेत्र के टेल्हुवा चकवली गांव में सोमवार रात अधिवक्ता रामअशीष यादव और उनके पिता गरीब यादव पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों को ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर था। उनका कहना है कि संबंधित मामला राजस्व परिषद प्रयागराज में विचाराधीन है और उच्च न्यायालय ने इसके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में मुख्य राजस्व अधिकारी की ओर से गुम हुई पत्रावली के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मालती देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद कार्रवाई करते हुए केदार यादव, रामाधार यादव, अनिल यादव उर्फ रामविलास और अवधेश यादव सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने मामले की गंभीरता से जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
