भदोही
सीतामढ़ी के राष्ट्रीय रामायण मेले का शुभारंभ, सुबह-शाम गूंजेगी राम कथा
23 जुलाई तक चलेगा लवकुश मेला, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ गंगा एवं व्यास पीठ पूजन
कोइरौना (भदोही)। डीघ विकासखंड के पौराणिक एवं धार्मिक स्थल सीतामढ़ी में बुधवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेले का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डीघ ब्लॉक प्रभारी प्रमुख मनोज मिश्र ने गंगा पूजन एवं व्यास पीठ पूजन कर किया। इसके साथ ही मेले में सुबह और शाम नियमित रूप से रामकथा का शुभारंभ हो गया।
इस अवसर पर मनोज मिश्र ने कहा कि सीतामढ़ी क्षेत्र के लोग सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें तीर्थों की त्रिवेणी में राष्ट्रीय स्तर के कथावाचकों से रामकथा श्रवण का अवसर मिल रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय रामायण मेला समिति की सराहना करते हुए कहा कि आयोजकों के प्रयासों से यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।
उन्होंने कहा कि सुबह और शाम होने वाली रामकथा श्रद्धालुओं के जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा और संस्कारों से समृद्ध करेगी।
आयोजकों ने बताया कि लवकुश मेले के नाम से प्रसिद्ध यह ऐतिहासिक आयोजन 15 जुलाई से 23 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन रामकथा, धार्मिक अनुष्ठान और विशाल मेले का आयोजन होगा, जिसमें दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में डॉ. विनय दूबे, मुन्नालाल पाण्डेय, राम प्यारे शुक्ल, शैलेश पाण्डेय, मनोज चौबे, कृष्ण कुमार मिश्र, रजनीश दीक्षित, रामकृष्ण मिश्र, दुर्गेश तिवारी, दिनेश सिंह, आनंद मिश्र, धर्मेंद्र सिंह, बसंत लाल गौड़, पप्पू सिंह सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
