Connect with us

भदोही

हर घर से अलग-अलग होगा सूखा-गीला कूड़ा संग्रह : डीए

Published

on

Loading...
Loading...

स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं म

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा बैठक में नगर निकायों को सख्त निर्देश, सिंगल यूज प्लास्टिक पर चलेगा विशेष अभियान

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कूड़ा निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सभी नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्रों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। सड़क, चौराहों, बाजारों अथवा सार्वजनिक स्थलों पर कहीं भी कूड़े का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगरों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना नगर निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक घर से सूखा एवं गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्रित किया जाए तथा वैज्ञानिक मानकों के अनुसार उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। स्रोत पर कूड़े का पृथक्करण ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसे पूरी गंभीरता से लागू किया जाए।

Advertisement

बैठक में जिलाधिकारी ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलिथीन के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पॉलिथीन का निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माना एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।

डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी रिसोर्स रिकवरी सेंटर (RRC) शत-प्रतिशत संचालित रहें। किसी भी केंद्र का संचालन असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने नगर निकायों को सामुदायिक, सार्वजनिक एवं पिंक शौचालयों की नियमित सफाई, रखरखाव और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय नारायण सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page