मिर्ज़ापुर
रजिस्ट्री कार्यालय में जेबकतरी, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
रजिस्ट्री कराने आए व्यक्ति की जेब से उड़ाए ₹4,500, जांच की मांग
मीरजापुर। रजिस्ट्री कार्यालय में रजिस्ट्री कराने आए एक व्यक्ति की जेब से 4,500 रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति पीड़ित की जेब से रुपये निकालता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिगना थाना क्षेत्र के सिहौली गांव निवासी राजेंद्र दुबे मंगलवार को मीरजापुर रजिस्ट्री कार्यालय में भूमि की रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे। रजिस्ट्रार के समक्ष दस्तावेज प्रस्तुत करते समय भीड़ का फायदा उठाकर पीछे खड़े एक शातिर जेबकतरे ने उनकी जेब से 4,500 रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब राजेंद्र दुबे को रुपये की आवश्यकता पड़ी और उन्होंने जेब टटोली, तो पैसे गायब मिले। इसके बाद उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें एक व्यक्ति उनकी जेब से रुपये निकालते हुए स्पष्ट दिखाई दिया।
पीड़ित ने घटना की शिकायत रजिस्ट्रार से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
इस घटना के बाद रजिस्ट्री कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने मांग की है कि कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
