भदोही
किराए के मकान में आर्केस्ट्रा डांसर की संदिग्ध मौत, पति समेत तीन से पूछताछ
सुरियावां के संजयनगर में मिला 28 वर्षीय महिला का शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
ज्ञानपुर। सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के संजयनगर गांव में किराए के मकान में रह रही एक आर्केस्ट्रा डांसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान आरती उर्फ शिवानी (28) निवासी हंडिया, प्रयागराज के रूप में हुई है। वह विवाहित थी और पिछले करीब दो वर्षों से सुरियावां क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह चकगुमानी गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा संचालित एक आर्केस्ट्रा दल में डांसर के रूप में कार्य करती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी और थाना प्रभारी अश्वनी त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति, आर्केस्ट्रा संचालक तथा संबंधित ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार मृतका के शरीर पर चोट के निशान होने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है।
