भदोही
सिंचाई बंधु की बैठक में किसानों ने उठाई पानी और बिजली की समस्या
17 जुलाई तक नहरें पूरी क्षमता से चलाने का आश्वासन, गड़ौरा रजवाहा व बारीपुर माइनर में पानी बढ़ाने की मांग
राजकीय नलकूप 24 घंटे में ठीक कराने और कृषि कार्य के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर
ज्ञानपुर। जिला पंचायत सभागार में आयोजित सिंचाई बंधु की बैठक में किसानों ने सिंचाई और बिजली की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने तथा खराब पड़े राजकीय नलकूपों को शीघ्र चालू कराने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष एवं कार्यवाहक अध्यक्ष पुरुषोत्तम पांडे ने की।
बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही के अनुमोदन से हुई। इसके बाद किसानों ने गड़ौरा रजवाहा और बारीपुर माइनर में पानी की आपूर्ति बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि बारिश न होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में नहरों को पूरी क्षमता से संचालित कर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए।
किसानों ने राजकीय नलकूपों में आने वाली यांत्रिक एवं विद्युत खराबियों को 24 घंटे के भीतर दूर कर सभी नलकूप चालू कराने की मांग की। साथ ही जिन नलकूपों में मोटर, बोर या अन्य तकनीकी खराबियां हैं, उन्हें युद्धस्तर पर ठीक कर दो से चार दिनों में चालू करने और कृषि कार्य के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बालगोविन्द शुक्ला ने किसानों से जल और बिजली का दुरुपयोग न करने की अपील करते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का आवश्यकता के अनुसार उपयोग करें, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्र में धान की रोपाई हो सके।
वहीं अधिशासी अभियंता (नहर) सुधीर कुमार पाल ने किसानों को आश्वस्त किया कि नहरों में पानी की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई तक सभी नहरों को पूरी क्षमता से संचालित कर दिया जाएगा, जिससे रजवाहों और माइनरों तक पर्याप्त पानी पहुंच सकेगा।
बैठक के अंत में भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष मल्लू राम बिंद के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर सुनील मौर्य, ए.के. चौबे, श्यामधर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
