भदोही
स्वस्थ हुए भगवान जगन्नाथ, दर्शन-पूजन शुरू; 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा
गोपीगंज के राधा-कृष्ण मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, नगर भ्रमण की तैयारियां पूरी
श्री मंगलम सेवा समिति के तत्वावधान में सजे-धजे रथ पर विराजमान होंगे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा
गोपीगंज (भदोही)। भक्तों के अतिशय प्रेम और परंपरागत जलाभिषेक के बाद प्रतीकात्मक रूप से अस्वस्थ माने गए भगवान जगन्नाथ एक पखवाड़े के विश्राम के बाद स्वस्थ हो गए। मंगलवार को गोपीगंज नगर के सोनिया तालाब स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर में मंगला आरती के साथ मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया। भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान को पंचामृत स्नान कराने के बाद श्वेत वस्त्र धारण कराए गए और सफेद पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। विशेष भोग अर्पित करने के बाद भव्य आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दर्शन-पूजन किया और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसी क्रम में 16 जुलाई (गुरुवार) को नगर की पारंपरिक भगवान जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी। श्री मंगलम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा सुगंधित पुष्पों से सजे भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे।
समिति के अवधेश कुमार बुद्धू एवं कृष्ण कुमार खटाई ने बताया कि रथयात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को अपराह्न चार बजे प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
