गोरखपुर
वाहन टक्कर के बाद मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप में तीन गिरफ्तार
शाहपुर पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी व दो महिलाओं को भेजा गया न्यायिक प्रक्रिया में
मामूली सड़क हादसे के बाद विवाद ने लिया हिंसक रूप, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
गोरखपुर। वाहन दुर्घटना के बाद मारपीट, अभद्रता, जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास के आरोप में शाहपुर पुलिस ने एक आरोपी समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में शाहपुर पुलिस ने मु.अ.सं. 322/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए झिनकू पुत्र विक्रम, गुड्डी साहनी पत्नी मुनीब तथा ज्योति साहनी पत्नी गणेश, निवासी पादरी बाजार, मोहनापुर ओबा टोला, थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को वादिनी अपनी चारपहिया वाहन से जा रही थीं। इसी दौरान उनकी गाड़ी की आरोपी के दोपहिया वाहन से टक्कर हो गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादिनी के साथ मारपीट की, अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर शाहपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
