गोरखपुर
आठ साल से फरार ₹10 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार
अवैध शराब तस्करी और धोखाधड़ी के मामले में खोराबार पुलिस की कार्रवाई, हरियाणा से दबोचा गया आरोपी
2018 में 1,728 लीटर देशी शराब के साथ हुई थी कार्रवाई, तभी से चल रहा था फरार
गोरखपुर। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खोराबार थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी और धोखाधड़ी के मामले में आठ वर्षों से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष खोराबार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मणि प्रसाद एवं उनकी टीम ने वांछित आरोपी वीरेंद्र उर्फ हजारी सिंह पुत्र स्व. सूरजमल निवासी ग्राम सिसर, थाना बांस, जनपद हिसार (हरियाणा) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि 12 अक्टूबर 2018 को खोराबार थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 पेटी (9,600 शीशी, 180 एमएल) यानी कुल 1,728 लीटर देशी शराब, एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की थीं। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था, जबकि वीरेंद्र उर्फ हजारी सिंह मौके से फरार हो गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उस पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना खोराबार में आबकारी अधिनियम तथा धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
