भदोही
एएसपी भदोही ने बीट पुलिसिंग की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
बीट पुलिसकर्मियों के रजिस्टरों का किया भौतिक सत्यापन, यक्ष ऐप की लाइव चेकिंग
अपराधियों पर पैनी नजर रखने और डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर
भदोही। अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक भदोही शुभम अग्रवाल ने पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी थानों से आए बीट कांस्टेबलों एवं हेड कांस्टेबलों की समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान एएसपी ने बीट पुलिसकर्मियों के पास उपलब्ध हिस्ट्रीशीटर (एचएस) निगरानी रजिस्टर तथा नकबजनी और चोरी के अभियुक्तों से संबंधित निगरानी रजिस्टरों का गहन निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया।
यक्ष ऐप की जांच कर डेटा अपडेट रखने के निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक ने तकनीकी पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए सभी बीट पुलिसकर्मियों के मोबाइल में सक्रिय यक्ष (YAKSH) ऐप की भी जांच की। उन्होंने ऐप पर किए गए सत्यापन और दर्ज सूचनाओं की लाइव समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बीट पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र के अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखें और यक्ष ऐप पर सभी जानकारियों को समय-समय पर अपडेट करते रहें।
अपराधियों की निगरानी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एएसपी शुभम अग्रवाल ने निर्देशित किया कि बीट स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए और हिस्ट्रीशीटर व चोरी-नकबजनी जैसे अपराधों में शामिल आरोपियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभावी बीट पुलिसिंग से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। बैठक में सभी बीट पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
