बलिया
सागरपाली में सात दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप
बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण
नलों से गंदा पानी आने का भी आरोप, जल संकट से लोगों में आक्रोश; शीघ्र आपूर्ति बहाल करने की मांग
बलिया। फेफना विधानसभा क्षेत्र के सागरपाली ग्राम सभा में पिछले सात दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की किल्लत के चलते लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए भी जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब जलापूर्ति होती भी थी, तब शुरुआती करीब 15 मिनट तक नलों से गंदा और बदबूदार पानी निकलता था। उनका कहना है कि इससे जलजनित बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
तकनीकी खामी दूर करने की मांग
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पाइपलाइन में तकनीकी खराबी या रिसाव के कारण गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से पाइपलाइन की जांच कर खामी दूर करने तथा शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
