वाराणसी
रुपापुर ओवरब्रिज पर हुये रोड दुर्घटना मे स्कार्पियो सवार 5 दर्शनर्थियो की मौत,तीन घायल मामले मे फ़रार ट्रक चालक गिरफ़्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार की सुबह स्कॉर्पियो में पीछे से ट्रक के टक्कर मारने से पांच दर्शनार्थियों की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। चालक को शिवरामपुर चट्टी के पास से पकड़ा गया। हादसे के बाद ट्रक के खलासी इम्तियाज अहमददार पुत्र गुलाम कादीरदार निवासी ग्राम वासकुरा थाना हन्दवारा जनपद कुपवारा जम्मू कश्मीर उम्र 42 वर्ष को पुलिस ने पहले ही हिरासत में ले लिया था। गिरफ्तार चालक की पहचान जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा थाना क्षेत्र के वासकुरा गांव निवासी जाबिद अहमददार (38) पुत्र सोना उल्लाहदार के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक पर सेब लदे थे। उसे सेब लेकर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचना था। निर्धारित समय पर माल पहुंचाने पर अतिरिक्त इनाम मिलने की उम्मीद थी। इसी इनाम के चक्कर में वह ट्रक तेज गति से चला रहा था। इसी दौरान रूपापुर ओवरब्रिज के पास हादसा हो गया।
वाराणसी स्थित शिवपुर क्षेत्र के रहने वाले आठ लोग स्कॉर्पियो से मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने गए थे। दर्शन-पूजन के बाद सभी वाराणसी लौट रहे थे। सोमवार की सुबह प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज के पास स्कॉर्पियो रुकी थी। इसी दौरान कुछ लोग गाड़ी से नीचे उतरकर फोटो और सेल्फी लेने लगे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए थे।
