गोरखपुर
गैंगस्टर एक्ट के तीन वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
हत्या के प्रयास समेत संगठित अपराधों में थे शामिल, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में तीन आरोपियों को दबोचा, न्यायालय में पेश करने की तैयारी
गोरखपुर। संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक मुकदमे में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न संगठित अपराधों में संलिप्त रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना कोतवाली में पंजीकृत मुकदमा संख्या 143/2026, धारा 2(ख) की उपधारा (i), (xi)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत वांछित आशुतोष सिंह, हर्ष जायसवाल और अनिकेत भारती उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का गिरोह सामूहिक रूप से हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर अपराधों को अंजाम देता था। इनकी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आशुतोष सिंह निवासी फरेन्दा, महराजगंज, हर्ष जायसवाल निवासी आर्य नगर, गोरखपुर तथा अनिकेत भारती उर्फ गोलू निवासी मोहद्दीपुर, गोरखपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी तथा अन्य गंभीर धाराओं में पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दुर्गाबाड़ी उपनिरीक्षक भावेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आकाश सिंह, उपनिरीक्षक हर्ष शुक्ला सहित कोतवाली थाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
