Connect with us

गोरखपुर

सहजनवा में शिक्षकों को वितरित किए गए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड

Published

on

Loading...
Loading...

विधायक प्रदीप शुक्ला बोले— शिक्षकों और रसोइयों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा का भरोसा, ₹5 लाख तक निःशुल्क इलाज की सुविधा

गोरखपुर। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत बुधवार को सहजनवा तहसील सभागार में तहसील स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला ने अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि इस योजना से लाभार्थियों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार मिलेगा, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा का एहसास होगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक के साथ सैलरी पैकेज योजना के लिए समझौता किया है, जिसके तहत कर्मचारियों को एक करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में ₹1,200 भेजे जा रहे हैं, जिससे बच्चों को ड्रेस, जूते, मोजे, बैग, स्वेटर और स्टेशनरी जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री मनोज सिंह, ब्लॉक प्रमुख पिपरौली दिलीप यादव, भाजपा पिछड़ा वर्ग के सदस्य आर.डी. सिंह, मुरारी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य साकेत, खंड शिक्षा अधिकारी सहजनवा यज्ञ नारायण वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी पिपरौली देवीदीन दूबे, खंड शिक्षा अधिकारी पाली कुंवर विक्रम पाण्डेय, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइये उपस्थित रहे।

Advertisement

कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक शिक्षक संघ सहजनवा के अध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन दिग्विजय सिंह ने किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page