गोरखपुर
गीडा का अवैध होटलों पर बड़ा एक्शन, दो होटल सीज
ट्रांसपोर्ट नगर के भूखंडों पर नियम विरुद्ध हो रहा था होटल संचालन, नोटिस के बाद भी नहीं माने संचालक
गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने सेक्टर-22 स्थित अवैध रूप से संचालित होटलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो होटलों को सीज कर दिया। लंबे समय से नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद संचालकों द्वारा नियमों का पालन नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गीडा प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि ट्रांसपोर्ट नगर के लिए आवंटित भूखंडों का उपयोग नियमों के विपरीत होटल संचालन के लिए किया जा रहा है। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर एसडीएम के नेतृत्व में गीडा की टीम ने सेक्टर-22 में अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान मूर्ति देवी के नाम आवंटित भूखंड पर संचालित होटल कैलाश तथा साधना सिंह के नाम आवंटित भूखंड पर संचालित होटल व्हाइट हाउस को सीज कर दिया गया। जांच में दोनों होटलों का संचालन आवंटन की शर्तों के विपरीत पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित होटल संचालकों को पहले कई बार नोटिस जारी कर अवैध गतिविधि बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद नियमानुसार सीज की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान गीडा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक एवं ट्रांसपोर्ट उपयोग के लिए आवंटित भूखंडों का व्यावसायिक होटल संचालन में दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
