गोरखपुर
चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी के आभूषण और 17,705 रुपये किए बरामद
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, शादी समारोह में गए परिवार के घर हुई थी चोरी
गोरखपुर।चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण और 17,705 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में की गई। उपनिरीक्षक दुर्गेश कुमार वैश्य ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 90/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
साहिल अंसारी को किया गया गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साहिल अंसारी पुत्र अजमेर अंसारी, निवासी पडरी सुकरौली थाना हाटा, जनपद कुशीनगर, हाल पता मोहद्दीपुर थाना कैंट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
अभियुक्त के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 305ए बीएनएस एवं बढ़ाई गई धाराओं 331(4), 61(2), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
शादी में गए परिवार के घर हुई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, 1 मई 2026 को वादी अपने भाई की बेटी की शादी में गया हुआ था। वापस लौटने पर उसने देखा कि अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए हैं।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी साहिल अंसारी को गिरफ्तार किया गया।
भारी मात्रा में चोरी के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से पीली और सफेद धातु के कई आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में पीली धातु के तीन जोड़ी कान के झाले, झुमकी, चैन, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, नोज पिन, अंगूठी समेत अन्य आभूषण शामिल हैं।
इसके अलावा सफेद धातु के पायल, गिलास, कटोरी, चम्मच, बिछिया, कड़े, ब्रेसलेट, सिक्के और अन्य जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि बरामदगी में 17,705 रुपये नकद भी शामिल हैं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
अभियुक्त की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक दुर्गेश कुमार वैश्य, हर्ष शुक्ला, लालजी गौड़, आकाश सिंह, राहुल यादव समेत कांस्टेबल गोरखनाथ यादव, राकेश यादव, आशुतोष यादव और नितिश यादव शामिल रहे।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
