Connect with us

गोरखपुर

जमीन दिलाने के नाम पर 13.84 लाख की ठगी का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

फर्जी चेक देकर धमकाने का भी आरोप, एसपी सिटी ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश

पीड़ित ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर दी शिकायत, तिवारीपुर पुलिस करेगी मामले की जांच

गोरखपुर।
शहर में जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आवास विकास कॉलोनी निवासी विपिन श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी सिटी निमिष पाटील को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बुद्ध विहार पार्ट-सी निवासी मुन्ना सिंह पर जमीन दिलाने के नाम पर 13.84 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने पहले जमीन दिलाने का भरोसा दिलाकर रुपये लिए, लेकिन बाद में न तो जमीन का बैनामा कराया और न ही रकम वापस की। मामले को लेकर एसपी सिटी ने तिवारीपुर थानाध्यक्ष को जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

2018 में जमीन दिलाने का दिया था भरोसा

विपिन श्रीवास्तव के अनुसार, वर्ष 2018 में मुन्ना सिंह ने अपने प्रभाव और संपर्कों का हवाला देते हुए धोबियाना मस्जिद के सामने स्थित 2170 वर्गफीट जमीन दिलाने की बात कही थी। जमीन की कीमत 650 रुपये प्रति वर्गफीट तय हुई थी, जिसकी कुल कीमत करीब 14.10 लाख रुपये बताई गई।

Advertisement

पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने स्टाम्प पेपर पर लिखित आश्वासन भी दिया था कि पूरी रकम मिलने के बाद जमीन का बैनामा करा दिया जाएगा।

नकद और चेक से दिए 13.84 लाख रुपये

पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसने अलग-अलग तारीखों में नकद और चेक के माध्यम से आरोपी को कुल 13.84 लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद कई वर्ष बीतने के बाद भी न तो जमीन उसके नाम कराई गई और न ही रकम लौटाई गई।

आरोप है कि आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा, जिससे पीड़ित मानसिक तनाव में रहा।

फर्जी चेक देकर मामला निपटाने का आरोप

विपिन श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2024 में आरोपी ने रकम वापस करने के नाम पर दो चेक दिए। इनमें एक चेक छह लाख रुपये और दूसरा 6.88 लाख रुपये का था।

पीड़ित के अनुसार, बैंक में जमा करने पर दोनों चेक अमान्य पाए गए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने प्रभाव का हवाला दिया।

Advertisement

एसपी सिटी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

पीड़ित ने पूरे मामले को सुनियोजित धोखाधड़ी और अमानत में खयानत बताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी निमिष पाटील ने तिवारीपुर थाना प्रभारी को तत्काल जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page