गाजीपुर
बहरियाबाद में स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण शुरू, शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर
रैलियों के माध्यम से अभिभावकों को किया जा रहा जागरूक, ड्रॉपआउट बच्चों का होगा दोबारा दाखिला
घर-घर जाकर स्कूल से वंचित बच्चों की सूची तैयार कर रही टीमें
गाजीपुर। बहरियाबाद क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत विद्यालयों द्वारा जागरूकता रैलियां निकालकर अभिभावकों से 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराने की अपील की जा रही है।
एक जुलाई से 15 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके साथ ही सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के मानसिक तनाव को कम करने के लिए काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा बहुएं गांव-गांव तथा वार्डों में घर-घर जाकर ऐसे बच्चों की पहचान कर रही हैं, जो किसी कारणवश स्कूल नहीं जा रहे हैं। इसके बाद उनके अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों का पुनः विद्यालयों में प्रवेश कराया जा रहा है।
शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान का उद्देश्य हर बच्चे तक शिक्षा का अधिकार पहुंचाना और “सब पढ़ें, सब बढ़ें” के संकल्प को साकार करना है। विद्यालयों का मानना है कि प्रत्येक बच्चे की शिक्षा ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर समाज की नींव है।
