Connect with us

गाजीपुर

टीईटी परीक्षा केंद्रों पर स्वयं सहायता समूहों के जलपान स्टॉल, महिलाओं को मिला स्वरोजगार

Published

on

Loading...
Loading...

18 परीक्षा केंद्रों पर चाय-नाश्ते की व्यवस्था, आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रशासन की पहल

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के सभी 18 परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा जलपान एवं अल्पाहार के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से परीक्षार्थियों, उनके अभिभावकों तथा परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण चाय, नाश्ता, पेयजल तथा अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।

महिलाओं को मिला आय और सम्मानजनक रोजगार

इस पहल से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानजनक स्वरोजगार के साथ आय अर्जित करने का अवसर मिला। इससे पहले भी जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती और पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान ऐसे स्टॉल संचालित किए गए थे, जिनसे समूहों की महिलाओं को अच्छी आमदनी हुई थी।

सरकारी आयोजनों में बढ़ेगी सहभागिता

Advertisement

मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों को केवल वित्तीय सहायता तक सीमित नहीं रखा जा रहा है, बल्कि उन्हें स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना शासन और जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों, मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें आय बढ़ाने के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बल

जिला प्रशासन का कहना है कि इस तरह की पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वयं सहायता समूहों की बढ़ती भागीदारी से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं और महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती मिल रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page