मिर्ज़ापुर
मीरजापुर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ
डीएम ने दिलाई जागरूकता की शपथ, हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए फॉगिंग व एंटी लार्वल मशीन का प्रदर्शन, पंपलेट वितरित
मीरजापुर। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग सहित 11 विभागों के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाने के बाद हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र ने जनपदवासियों से अपील की कि संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के लिए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आमजन की सहभागिता से ही डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से फॉगिंग मशीन एवं एंटी लार्वल मशीन का प्रदर्शन किया गया। साथ ही डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव संबंधी पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने मच्छरदानी के नियमित उपयोग, जलभराव रोकने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर नोडल वेक्टर बॉर्न डिजीज डॉ. लालजी गौतम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान की सफलता के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जिला मलेरिया अधिकारी संजय कुमार द्विवेदी सहित वेक्टर बॉर्न डिजीज नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से शुरू हुई जागरूकता रैली मंडलीय चिकित्सालय मीरजापुर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर मिश्र ने किया। समापन के बाद प्रतिभागियों को अल्पाहार वितरित किया गया।
