मिर्ज़ापुर
सपा ने मनाई महान वीरांगना ऊदा देवी पासी की 196वीं जयंती
प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना को दी गई श्रद्धांजलि
मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी की ओर से स्थानीय जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में महान वीरांगना ऊदा देवी पासी की 196वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर गोष्ठी आयोजित की गई और उनके अद्वितीय शौर्य एवं बलिदान को याद किया गया।
ऊदा देवी का बलिदान देश के लिए प्रेरणास्रोत : जिलाध्यक्ष
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि 30 जून 1830 को लखनऊ के उजरियांव गांव में एक गरीब पासी परिवार में जन्मी ऊदा देवी पासी ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अदम्य साहस का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान गोला-बारूद समाप्त होने तक ऊदा देवी ने अकेले ही 36 अंग्रेज सैनिकों को मार गिराया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
पुरुष वेश धारण कर अंग्रेजों से लिया लोहा
पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि युद्ध के समय ऊदा देवी ने पुरुषों का वेश धारण कर अंग्रेजी सेना का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने मात्र 27 वर्ष की आयु में देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
उन्होंने कहा कि ऊदा देवी का साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
गोष्ठी में वक्ताओं ने किया नमन
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री आदर्श यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शक्ति श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट सुरेन्द्र सिंह पटेल, ऊदल पासी, बलराम यादव, रवि सोनकर, अभय यादव, आकाश यादव, रामजी यादव, रामप्यारे गोंड़, सलीम बादशाह, राकेश यादव, सैफ, वीरेन्द्र यादव, रमाकांत यादव, प्रेम कुमार यादव, शेखर कुमार सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वीरांगना के आदर्शों पर चलने का आह्वान
गोष्ठी में उपस्थित नेताओं ने ऊदा देवी पासी के साहस, देशभक्ति और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने तथा सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
