भदोही
कुंडीकला में 65 लाख की लागत से बनेगा सामुदायिक केंद्र
ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने किया भूमिपूजन, ग्रामीणों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
सीतामढ़ी (भदोही)।भदोही जिले के विकास खंड डीघ के कुंडीकला गांव में रविवार को करीब 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक बारात भवन का विधि-विधान के साथ भूमिपूजन किया गया। ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
निर्माणाधीन सामुदायिक केंद्र को आधुनिक एवं मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। भवन के साथ इंटरलॉकिंग, विद्युतीकरण और सुंदरीकरण का कार्य भी कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
यह भवन सार्वजनिक विकास हेतु संचालित एकीकृत विकास योजना के अंतर्गत बनाया जा रहा है। इसके निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए एक स्थायी और सुविधायुक्त स्थान मिलेगा। साथ ही गांव में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में भी सुविधा होगी।
इस अवसर पर विधायक विपुल दुबे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। सामुदायिक केंद्र जैसे जनोपयोगी निर्माण कार्य सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ गांवों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है। साथ ही उन्होंने कहा कि पहले विकास कार्यों की उपेक्षा होती थी, जबकि वर्तमान में योजनाएं धरातल पर तेजी से उतर रही हैं।
कार्यक्रम में शैलेश पांडेय, विधानचंद दुबे, कमलाशंकर मिश्र, बृजेश पांडेय, शिवचंद शुक्ल, चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, अभय पाण्डेय, पप्पू भारतीय, लालजी शुक्ल, संतोष पाण्डेय, राममोहन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
