भदोही
भूमि विवाद निस्तारण अभियान में भदोही प्रशासन की बड़ी सफलता
विशेष अभियान में 244 मामलों का मौके पर समाधान, ग्रामीणों को मिली त्वरित राहत
डीएम शैलेष कुमार बोले— पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
भदोही। भूमि संबंधी विवादों के त्वरित, निष्पक्ष एवं स्थायी समाधान के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान में भदोही प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में राजस्व विभाग ने अभियान के दौरान कुल 244 भूमि संबंधी प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया। राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांव-गांव पहुंचकर पैमाइश, स्थलीय निरीक्षण और संबंधित पक्षों की उपस्थिति में सुनवाई कर विवादों का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया।
धारा-24 पैमाइश के सबसे अधिक 97 मामले निपटाए
अभियान के दौरान धारा-24 पैमाइश के 97, मेड़बंदी के 49, धारा-116 के 15, आवंटित भूमि पर 8 लाभार्थियों को कब्जा दिलाने, धारा-134 के 2, ग्राम सभा की भूमि के सीमांकन के 36, अतिक्रमण हटाने के 16, भूमि विवादों के 20 तथा आबादी भूमि के 1 प्रकरण का निस्तारण किया गया।
मौके पर पहुंचकर हुआ विवादों का समाधान
राजस्व विभाग की टीमों ने गांवों में पहुंचकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया और दोनों पक्षों की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विवादों का समाधान कराया। प्रशासन का मानना है कि इससे ग्रामीणों को त्वरित राहत मिलने के साथ अनावश्यक मुकदमेबाजी में भी कमी आएगी।
शासन की मंशा के अनुरूप करें कार्य : डीएम
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि जन शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ताओं को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए।
लंबित मामलों का भी होगा शीघ्र निस्तारण
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान शेष बचे प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण कराया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य भूमि विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित कर आमजन को सुशासन का लाभ दिलाना तथा जनपद में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत बनाना है।
