Connect with us

आजमगढ़

प्राथमिक विद्यालयों में लगातार चोरियों से बढ़ी चिंता

Published

on

Loading...
Loading...

शैक्षिक सामग्री और मिड-डे मील का सामान चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महराजगंज (आजमगढ़)।क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों में कई विद्यालयों को निशाना बनाए जाने के बाद शिक्षकों और ग्रामीणों ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।

नेवादा-प्रथम विद्यालय में दूसरी बार चोरी

प्राथमिक विद्यालय नेवादा-प्रथम में 28 जून की रात अज्ञात चोर चहारदीवारी फांदकर परिसर में घुस गए और भंडार गृह का कुंडा काटकर आंगनबाड़ी किट, टीएलएम किट तथा वाटिका किट चोरी कर ले गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने बताया कि इससे पहले 15 जून को भी विद्यालय में चोरी हुई थी, जिसकी प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है।

कुम्हवट विद्यालय से गैस सिलेंडर और खाद्यान्न चोरी

प्राथमिक विद्यालय कुम्हवट में भी चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर दो गैस सिलेंडर, एक बोरी गेहूं, एक बोरी चावल तथा दो बड़े भगौने चोरी कर लिए। विद्यालय प्रशासन ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

चौरासी विद्यालय भी बन चुका है निशाना

ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान प्राथमिक विद्यालय चौरासी में भी चोरी की घटना हुई थी। चोर रसोईघर का ताला तोड़कर बड़े बर्तन, मिड-डे मील का सामान, आंगनबाड़ी के बर्तन, सबमर्सिबल पाइप सहित अन्य सामग्री उठा ले गए थे। सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया था।

Advertisement

पुलिस ने जांच का दिया भरोसा

थाना प्रभारी महराजगंज अनुराग कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं कप्तानगंज थाना प्रभारी जब प्रकाश ने भी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शिक्षकों और ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय परिसरों की सुरक्षा मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है, ताकि शैक्षिक गतिविधियां प्रभावित न हों।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page