आजमगढ़
परिसर में पांच दिनों से घायल बंदर, उपचार न मिलने पर अधिवक्ताओं ने जताई चिंता
वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग से तत्काल रेस्क्यू व इलाज की मांग
आजमगढ़।जनपद के दीवानी न्यायालय परिसर स्थित नए अधिवक्ता भवन के पास एक बंदर पिछले पांच दिनों से गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह न तो उठ पा रहा है और न ही चलने-फिरने की स्थिति में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अब तक कोई जिम्मेदार विभाग मौके पर नहीं पहुंचा।
सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय अधिवक्ताओं और आसपास के लोगों का कहना है कि बंदर कई दिनों से एक ही स्थान पर तड़प रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी न तो वन विभाग की रेस्क्यू टीम पहुंची और न ही पशु चिकित्सक ने उसका उपचार किया।
पशु संरक्षण के दावों पर उठे सवाल
अधिवक्ताओं ने कहा कि सरकार पशु संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर कई योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण परिसर में घायल बंदर की अनदेखी प्रशासनिक संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करती है।
जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
अधिवक्ताओं, पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, वन विभाग तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से तत्काल घायल बंदर का रेस्क्यू कराकर उसका समुचित उपचार कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते इलाज नहीं मिलने पर उसकी जान को खतरा हो सकता है।
