बलिया
थाने से संदिग्ध के गायब होने की चर्चा से पुलिस पर उठे सवाल
ग्रामीणों के अनुसार पीआरबी ने हिरासत में लिया था, थाना प्रभारी बोले— नशे की हालत में छोड़ दिया गया
इनामी अपराधी होने की चर्चा से बढ़ा मामला, पुलिस के अलग-अलग दावों से बना संशय
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली गांव में उत्पात मचाने के आरोप में पकड़े गए एक संदिग्ध व्यक्ति को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों का दावा है कि पीआरबी पुलिस उसे हिरासत में लेकर सुखपुरा थाने लाई थी, जहां से वह बाद में गायब हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदिग्ध को थाने लाने के कुछ देर बाद उसके पीछे के रास्ते से निकल जाने की चर्चा फैल गई, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वहीं पुलिस सूत्रों के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति किसी अन्य थाने का इनामी अपराधी है।
हालांकि, सुखपुरा थाना प्रभारी रत्नेश दुबे ने इन दावों से अलग बयान दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति अत्यधिक शराब के नशे में था और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था।
थाना प्रभारी के बयान और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही फरार होने की चर्चाओं के कारण मामले को लेकर विरोधाभासी स्थिति बनी हुई है। यदि व्यक्ति को विधिवत छोड़ दिया गया था, तो उसके थाने से फरार होने और इनामी अपराधी होने की चर्चाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
