भदोही
थाना समाधान दिवस में आईं 94 शिकायतें, पुलिस से जुड़ी सभी 20 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
राजस्व मामलों के शीघ्र समाधान के लिए पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम गठित, डीएम व एसपी के निर्देशन में हुई जनसुनवाई
भदोही।शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस में जनपद के विभिन्न थानों पर कुल 94 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 74 शिकायतें राजस्व विभाग तथा 20 शिकायतें पुलिस विभाग से संबंधित थीं। पुलिस विभाग से जुड़े सभी 20 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि राजस्व संबंधी प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अधिकारियों ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच एवं निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि फरियादियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का निष्पक्ष व त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। शेष प्रकरणों के निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
