गाजीपुर
मोहर्रम पर डीएम-एसपी रहे लगातार भ्रमणशील, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
ताजियास्थलों, जुलूस मार्गों और कर्बला क्षेत्रों का किया निरीक्षण, ड्रोन व सीसीटीवी से रखी जा रही निगरानी
गाजीपुर। मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शनिवार को पूरे दिन जनपद में लगातार भ्रमणशील रहे। दोनों अधिकारियों ने कोतवाली क्षेत्र के ताजियास्थलों, जुलूस मार्गों तथा कर्बला सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का पुलिस बल के साथ निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने संभ्रांत नागरिकों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा सभी से आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की।

जनपदीय पुलिस द्वारा मोहर्रम जुलूसों के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थानों की निगरानी ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना प्रभारी कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
