मिर्ज़ापुर
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विंध्याचल धाम में किए दर्शन-पूजन
भाजपा नेताओं ने किया स्वागत, मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में प्रबुद्धजनों से किया संवाद
हेलिकॉप्टर से मुजेहरा पहुंचे डिप्टी सीएम, कार्यक्रम के बाद हुए रवाना
मिर्जापुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शुक्रवार को मिर्जापुर दौरे पर पहुंचे। उनका हेलिकॉप्टर सुबह कोन विकास खंड के मुजेहरा स्थित टमटम हॉस्पिटल के पास बनाए गए हेलिपैड पर उतरा, जहां भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
हेलिपैड पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
स्वागत के बाद उपमुख्यमंत्री विंध्याचल धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
दर्शन-पूजन के उपरांत डिप्टी सीएम मुजेहरा स्थित चेकसारी पावर हाउस के समीप डॉ. टमटम मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पहुंचे। यहां उन्होंने प्रबुद्धजनों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
