देवरिया
राप्ती में डूबती दो बहनों को बचाकर खुद काल के गाल में समाया भाई
14 वर्षीय किशोर ने दिखाई अद्भुत बहादुरी, बहनों की जान बची लेकिन खुद नहीं बच सका
राप्ती नदी में स्नान के दौरान हुआ हादसा, इकलौते बेटे की मौत से परिवार और गांव में मातम
देवरिया। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के मोहरा गांव में गुरुवार को राप्ती नदी में एक हृदयविदारक हादसा हो गया। डूब रही अपनी दो बहनों की जान बचाने के लिए नदी में छलांग लगाने वाले 14 वर्षीय किशोर ने अदम्य साहस का परिचय दिया, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आकर अपनी जान गंवा बैठा। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय रीता और 12 वर्षीय माया राप्ती नदी में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में डूबने लगीं। बहनों की चीख-पुकार सुनते ही उनका 14 वर्षीय भाई सोनू पासवान बिना किसी हिचकिचाहट के नदी में कूद पड़ा।
सोनू ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बहनों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन स्वयं तेज धारा और गहरे पानी की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उसे नदी से बाहर निकालकर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे मोहरा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने सोनू पासवान के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उसने अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी दोनों बहनों की जिंदगी बचाकर भाई-बहन के अटूट प्रेम और अद्वितीय साहस की मिसाल कायम कर दी।
