Connect with us

जौनपुर

डीएम ने विकास परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

आरओबी निर्माण की प्रगति पर जताया संतोष, 100 शैयायुक्त अस्पताल निर्माण में मिली खामियां

गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, कार्यदायी संस्था को चेतावनी

जौनपुर। जिले में संचालित महत्वपूर्ण आधारभूत एवं स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ रेलखंड पर निर्माणाधीन चार लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) और सिकरारा में बन रहे 100 शैयायुक्त चिकित्सालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले जिलाधिकारी ने जौनपुर सिटी यार्ड स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 09-बी पर राष्ट्रीय राजमार्ग-231 के अंतर्गत निर्माणाधीन चार लेन रेल उपरिगामी सेतु का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य की गति पर संतोष व्यक्त किया तथा निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए निर्धारित समयसीमा जून 2027 तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आरओबी के निर्माण से क्षेत्र में लंबे समय से बनी यातायात जाम की समस्या का समाधान होगा और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

Advertisement

इसके बाद जिलाधिकारी सिकरारा पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर 100 शैयायुक्त चिकित्सालय का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल निर्माण कार्य की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं मिली। निर्माण की गुणवत्ता में भी कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी तकनीकी मानकों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्य में तेजी लाकर परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर के बाहर परियोजना संबंधी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों को प्रदर्शित करने के लिए सूचना बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना की लागत, कार्यदायी संस्था और निर्माण अवधि जैसी जानकारियां सार्वजनिक होने से पारदर्शिता बनी रहती है और आमजन को भी कार्य की प्रगति की जानकारी मिलती है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page