गाजीपुर
विनीत राय हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी
हत्या की साजिश से जुड़े आरोपी को गाजीपुर रेलवे स्टेशन से दबोचा गया
मुख्य आरोपी के पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अग्रिम कार्रवाई जारी
गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने चर्चित विनीत राय हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय को गाजीपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर से गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को अष्टभुजी कॉलोनी, गोडा शहरी निवासी विनीत राय की हत्या के मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 0365/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान हत्या के षड्यंत्र से जुड़े तथ्यों के आधार पर रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय का नाम प्रकाश में आया।
रेलवे स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी
अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 25 जून 2026 को आरोपी को गाजीपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुख्य अभियुक्त शंकर पाण्डेय का पिता है और हत्या की साजिश में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में काट चुका है 15 वर्ष की सजा
पुलिस अभिलेखों के अनुसार रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय, निवासी गौसाबाद थाना कोतवाली, पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में पश्चिम बंगाल की दमदम जेल में 15 वर्ष की सजा काट चुका है। वह जनवरी 2024 में जेल से रिहा हुआ था।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों और साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि विनीत राय हत्याकांड से जुड़े सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
