मऊ
पुलिस मुठभेड़ में एक घायल
दो दिन पहले ट्रक चालक को मारी थी गोली, फोरलेन पर करता था डीजल चोरी
उपेंद्र राजभर के पैर में लगी गोली, हथियार और कारतूस बरामद
मऊ। जिले के दोहरीघाट क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के पुलिस और डीजल चोरी करने वाले गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश की पहचान गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के शत्रुघ्नपुर निवासी उपेंद्र राजभर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह फोरलेन पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने का काम करता था। आरोप है कि दो दिन पूर्व डीजल निकालने का विरोध करने पर गिरोह के सदस्यों ने एक ट्रक चालक को गोली मार दी थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीजल चोरी गिरोह के सदस्य मऊ की ओर से दोहरीघाट की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोपागंज, घोसी और दोहरीघाट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उपेंद्र राजभर के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
तीन अन्य आरोपी भी दबोचे गए
पुलिस ने मौके से भोपा बाजार निवासी त्रिपेश दूबे, रामनगर करजहां निवासी नितेश उर्फ बाबूलाल पासवान सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मुंडेरा बाजार निवासी अजू, आदित्य जायसवाल तथा मऊ जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के युसुफपुर निवासी कृष्णा गौंड के भी गिरोह में शामिल होने की जानकारी दी है।
आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
