बलिया
नलकूप खराब, सिंचाई संकट गहराया
15 दिनों से ठप पड़ी जलापूर्ति, किसान परेशान
रतसर (बलिया)। स्थानीय नगर के शिवपुरी वार्ड संख्या-03 स्थित राजकीय नलकूप संख्या 314 बीजी पिछले करीब पंद्रह दिनों से खराब पड़ा है, जिससे क्षेत्र के किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
किसानों के अनुसार नलकूप के पंप का बुश कट जाने के कारण जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
फसलों के सूखने का खतरा
नलकूप बंद होने से धान की बेहन और पशुओं के चारे की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई है। इसके साथ ही पशुओं के पीने के पानी की समस्या भी गंभीर रूप ले चुकी है। किसानों का कहना है कि लगातार शिकायत के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है।
विभागीय लापरवाही पर नाराजगी
स्थानीय किसानों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है।
किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
समस्या से परेशान किसानों में सत्यनारायण यादव, बब्बन, शैलेन्द्र, रामसुमेर, राजनारायण, जितेन्द्र सिंह, ददन गिरी और रामाश्रय सहित अन्य लोग शामिल हैं।
किसानों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से शीघ्र नलकूप की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
