गोरखपुर
कलेक्ट्रेट से एसी एग्जास्ट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
वोल्टास कंपनी का एसी एग्जास्ट बरामद, मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं
कैंट पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर आरोपी दबोचा गया
गोरखपुर। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैंट पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कलेक्ट्रेट स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय से एसी का एग्जास्ट चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया वोल्टास कंपनी का एसी एग्जास्ट भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 की रात अज्ञात चोर द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय में लगे एसी के पाइप को काटकर उसका एग्जास्ट चोरी कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलने पर थाना कैंट में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राहुल पुत्र इलताफ अली निवासी कुलपति आवास, शिव गंगा कॉलोनी, थाना कैंट, गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी गया सामान बरामद, बढ़ी धाराएं
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक अदद वोल्टास कंपनी का एसी एग्जास्ट बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की बढ़ोतरी भी की गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
अभियान में शामिल रही पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक घनश्याम उपाध्याय (चौकी प्रभारी कलेक्ट्रेट), उपनिरीक्षक विवेक राज सिंह (चौकी प्रभारी बेतियाहाता), कांस्टेबल जान सिंह, सुनील यादव, राजीव तथा मनोज चौधरी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी है। आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
